Publish Date: Fri, 11 May 2018 (08:45 IST)
Updated Date: Fri, 11 May 2018 (08:49 IST)
उन्नाव रेप केस के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जेल से छुड़ाने के लिए दो लोगों ने उनकी पत्नी संगीता सेंगर से एक करोड़ रुपए मांगे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी दीपक कुमार के अनुसार, गिरफ्तार लोगों ने टीवी चैनल और अखबारों में विधायक के पकड़ने और उसके परिवारीजनों के निर्दोष बताने की खबरें देखकर ठगी की साजिश रची।
5 मई को एक आरोपी ने उन्नाव जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सिंह को फोन करके खुद को भाजपा नेता बताया और कहा कि वह विधायक को सीबीआई के शिकंजे से बचा सकता है।
उसने विधायक की पत्नी से कहा कि सीबीआई अफसरों से उनकी सेटिंग है। इसके लिए एक करोड़ रुपया देना होगा। संगीता ने कुछ वक्त मांगा तो उसने दोबारा कॉल करने की बात कही।
6 मई को विजय रावत ने दूसरे नंबर से कॉल कर खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। उसने कहा किविधायक का मामला खत्म करने के लिए ऊपर से आदेश है। संगीता को लगा कि भाजपा नेता ने ही सारी सेटिंग की है।
इसके बाद संगीता ने दोनों आरोपियों के साथ मोलभाव पर 50 लाख रुपए में डील पक्की कर दी और परिजनों को इसकी जानकारी दी। मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने पुलिस की शरण ली।