Publish Date: Thu, 03 Jun 2021 (19:20 IST)
Updated Date: Thu, 03 Jun 2021 (19:24 IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश के कुल 52 में से 35 जिलों में अब एक दिन में 10 से कम कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश में कोरोनावायरस संक्रमण दर कम होकर एक प्रतिशत रह गई है।
प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश में कोविड-19 बीमारी से ठीक होने वाले लोगों का प्रतिशत बढ़कर 97.13 प्रतिशत हो गया है। प्रदेश के 35 जिलों में अब एक दिन में कोविड-19 के दस से कम मरीज मिल रहे हैं और प्रदेश में संक्रमण की दर कम होकर एक प्रतिशत रह गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एक जून को प्रदेश में कोविड-19 बीमारी से ठीक होने वाले लोगों का प्रतिशत 96.3 था। वहीं सरकारी आंकड़े के अनुसार, एक जून को प्रदेश में संक्रमण दर 1.54 प्रतिशत थी।
मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 14,186 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक जून को कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या लगभग 20 हजार थी।
मंत्री ने बताया कि संक्रमण के मामलों में मध्य प्रदेश, देश में 19वें स्थान पर है। इससे पहले मध्य प्रदेश इस सूची में पांचवें, सातवें और नौवें स्थान पर था। मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह तक प्रदेश में कोविड-19 के 846 नए मामले सामने आए हैं, वहीं गुरुवार को 3,446 लोग इस बीमारी से स्वस्थ हुए हैं।(भाषा)
webdunia
Publish Date: Thu, 03 Jun 2021 (19:20 IST)
Updated Date: Thu, 03 Jun 2021 (19:24 IST)