Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 69,652 नए मामले सामने आने के बाद गुरुवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 28 लाख को पार कर गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 20,96,664 (करीब 21 लाख) लोगों के संक्रमणमुक्त होने के बाद देश में मरीजों के स्वस्थ होने की दर अब 73.91 प्रतिशत हो गई है।
मंत्रालय द्वारा सुबह 8 बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 28,36,925 हो गई है, वहीं वायरस से 977 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 53,866 हो गई। हालांकि मृतक दर गिरकर 1.90 प्रतिशत हो गई है।
आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 6,86,395 मरीजों का कोरोनावायरस का इलाज जारी है, जो कि कुल मामलों का 24.20 प्रतिशत है। भारत में 7 अगस्त को कोविड-19 के मामले 20 लाख के पार पहुंचे थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 19 अगस्त तक 3,26,61,252 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 9,18,470 नमूनों की जांच बुधवार को की गई। (भाषा)