Publish Date: Tue, 02 Mar 2021 (09:04 IST)
Updated Date: Tue, 02 Mar 2021 (10:34 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के खंडवा से भाजपा सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का निधन हो गया है। भाजपा सांसद कोरोना से पीड़ित थे और उनका गुड़गांव के मेंदाता अस्पताल में इलाज चल रहा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गजों ने चौहान के निधन पर दुख व्यक्त किया।
नंदकुमार सिंह चौहान 11 जनवरी को कोरोना संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें पहले इलाज के लिए भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर नंदकुमार सिंह चौहान को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली शिफ्ट किया गया था।
नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन ने पिता नंदकुमार सिंह चौहान के निधन की पुष्टि की है।
नंद कुमार सिंह चौहान का पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे खंडवा लाया जाएगा और यहां से सड़क मार्ग से बुरहानपुर ले जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 2 बजे खंडवा पहुंचेंगे।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, लोकप्रिय जननेता नंदू भैया, हम सबको छोड़कर चले गये। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। मैं व्यथित हूं। नंदू भैया का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।
चौहान के निकटस्थ एवं पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर दोपहर में उनके गृह नगर खंडवा ले जाया जाएगा। मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के चौहान लोकसभा में छठी बार खंडवा से जीते थे। वह 2015 में मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाए गए थे।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा नेता नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कमलनाथ ने अपने ट्वीट के जरिए शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा खंडवा के सांसद नंदकुमार चौहान के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
webdunia
Publish Date: Tue, 02 Mar 2021 (09:04 IST)
Updated Date: Tue, 02 Mar 2021 (10:34 IST)