Publish Date: Sun, 06 Sep 2020 (09:49 IST)
Updated Date: Sun, 06 Sep 2020 (09:54 IST)
नई दिल्ली। भारत में कोरोनावायरस का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को देश में रिकॉर्ड 90,633 नए मरीज सामने आए जबकि 1065 लोगों की इस महामारी से मौत हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार तक 31,80,865 मरीज ठीक हुए हैं, जिसके साथ कोविड-19 मरीजों की ठीक होने की दर बढ़कर 77.23 प्रतिशत हो गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर 41,13,811 हो गई है। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1,065 मरीजों की मौत हुई है, जिन्हें मिलाकर अबतक देश में कुल 70,626 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक अबतक देश में कुल 4,88,31,145 नमूनों की जांच गई है, जिनमें से 10,92,654 नमूनों की जांच अकेले 5 सितंबर को की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 10 लाख से 20 लाख तक पहुंचने में 21 दिनों का समय लगा जबकि 20 से 30 लाख मरीज होने में 16 और दिन लगे। हालांकि, संक्रमितों की संख्या 30 लाख से 40 लाख तक पहुंचने में मात्र 13 दिनों का समय लगा है।
मंत्रालय के मुताबिक, कोविड-19 मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंचने में 110 दिन लगे थे जबकि संक्रमितों की संख्या एक लाख से 10 लाख तक पहुंचने में 59 दिन लगे।
सात अगस्त को भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या 20 लाख के पार चली गई जबकि 23 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 30 लाख को पार कर गई। 30 से 40 लाख तक पहुंचने में मात्र 13 दिन का समय लगा।