Publish Date: Tue, 25 Apr 2023 (10:58 IST)
Updated Date: Tue, 25 Apr 2023 (11:03 IST)
- अब तक कुल 4.49 करोड़ लोग कोरोना से संक्रमित
-
एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 63,380 हुई
-
24 घंटे में 24 मरीजों की मौत
CoronaVirus India Update: भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 6,660 नए मामले सामने आए, एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 63,380 रह गई। देश में अब तक कुल 4.49 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 4 करोड़ 43 लाख 11 हजार 078 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 5 लाख 31 हजार 369 लोग मारे जा चुके हैं जबकि 63,380 लोगों का इलाज जारी है।
संक्रमण से 24 और मरीजों की मौत हो गई। इनमें 9 वे लोग शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं।
दैनिक संक्रमण दर 3.52 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर 5.42 प्रतिशत है। भारत में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.67 प्रतिशत है। भारत में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.67 प्रतिशत है। 0.14 प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है। भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220,66,44,679 खुराक लगाई जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि भारत में 7 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 19 दिसंबर 2020 एक करोड़ से अधिक हो गई। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ और 23 जून 2021 को 3 करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले 4 करोड़ के पार चले गए थे।
Edited by : Nrapendra Gupta
webdunia
Publish Date: Tue, 25 Apr 2023 (10:58 IST)
Updated Date: Tue, 25 Apr 2023 (11:03 IST)