Publish Date: Sat, 12 Sep 2020 (13:29 IST)
Updated Date: Sat, 12 Sep 2020 (13:31 IST)
नई दिल्ली। देश में एक पिछले 24 घंटों में कर्नाटक और आंध्रप्रदेश समेत 12 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोनावायरस (Coronavirus) महामारी के सक्रिय मामले घटे हैं।
कर्नाटक में सबसे अधिक 3211, आंध्र प्रदेश में 1147, तमिलनाडु में 564, झारखंड में 267, तेलंगाना में 190, असम में 110, मणिपुर में 100, ओडिशा में 79, बिहार में 49, त्रिपुरा में 18, दादरा नगर हवेली और दमन दीव में 14 तथा अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 7 सक्रिय मामले कम हुए हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देश में इस संक्रमण के 97,570 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 46 लाख 59 हजार 985 हो गया। वहीं 36,24,196 लोग अब तक संक्रमणमुक्त हुए हैं। देश में इस समय कोरोना के 9 लाख 58 हजार 316 सक्रिय मामले हैं।