Publish Date: Fri, 01 May 2020 (11:52 IST)
Updated Date: Fri, 01 May 2020 (11:58 IST)
जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 3 और लोगों की मौत हो गई। राज्य में इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या 61 हो गई है। इस बीच 33 नए मामले आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या बढकर 2,617 हो गई।
राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जयपुर में 2 और बीकानेर में 1 संक्रमित की मौत हुई। बसोनी, नागौर की 26 साल की 1 महिला बीकानेर के पीबीएम में भर्ती थी जिनका बुधवार को निधन हो गया। उनकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, वहीं जयपुर में 32 साल के युवक की बुधवार और 62 साल के व्यक्ति की गुरुवार को मौत हुई थी, वे भी संक्रमित पाए गए थे।
राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी मौतों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। अकेले जयपुर में 34 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे, वहीं राज्य में शुक्रवार सुबह 9 बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 33 नए मामले आए जिनमें जयपुर में 6, अजमेर में 11, कोटा में 7 और चित्तौड़गढ़ में 7 नए मामले भी शामिल हैं।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में 2 इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है। कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए राज्यभर में अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है। (भाषा)