Publish Date: Sat, 04 Jul 2020 (12:09 IST)
Updated Date: Sat, 04 Jul 2020 (12:12 IST)
जयपुर। राजस्थान में कोरोनावायरस संक्रमण से शनिवार को 3 और मौतें दर्ज की गईं जिससे राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 443 हो गई है। इसके साथ ही संक्रमण के 204 नए मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 19,256 हो गई है जिनमें से 3,461 रोगी उपचाराधीन हैं।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को भरतपुर और झुंझुनू में 1-1 व्यक्ति की मौत दर्ज की गई। इससे राज्य में कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 443 हो गई है। केवल जयपुर में कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 163 हो गई है जबकि जोधपुर में 53, भरतपुर में 39, कोटा में 23, अजमेर में 19, बीकानेर में 16 और नागौर में 12 संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के 30 रोगियों की भी यहां मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 10.30 बजे तक राज्य में संक्रमण के 204 नए मामले सामने आए। इनमें बाड़मेर में 36, बीकानेर में 25, नागौर में 23, जयपुर में 17, डूंगरपुर में 13, जालौर व झुंझुनू में 11-11 और कोटा में 8 नए मामले शामिल हैं। राज्यभर में कोरोनावायरस संक्रमण के कारण कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है। (भाषा)