Publish Date: Wed, 08 Apr 2020 (10:59 IST)
Updated Date: Wed, 08 Apr 2020 (11:04 IST)
पुणे। पुणे में 2 और लोगों की कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मौत हो गई जिसके साथ ही इस जिले में इस महामारी के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 10 हो गई है। निगमायुक्त शेखर गायकवाड़ ने बताया कि 44 वर्षीय 1 व्यक्ति को वेंटिलेटर पर रखा गया था और उसे गंभीर मधुमेह भी था। बुधवार सुबह सरकारी नायडू अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
गायकवाड़ ने बताया कि उसे 4 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात सांस लेने में परेशानी होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। बुधवार सुबह किडनी खराब हो जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुणे के संभागीय आयुक्त डॉ. दीपक महीसेकर ने बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 1 व्यक्ति की सरकारी ससून अस्पताल में मौत हो गई। मंगलवार तक पुणे में 8 लोगों की मौत हुई थी लेकिन अब मृतक संख्या 10 हो गई है। (भाषा)