Publish Date: Wed, 19 Sep 2018 (13:59 IST)
Updated Date: Wed, 19 Sep 2018 (14:07 IST)
रायपुर। चुनावी मौसम शुरू होते ही विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। भाजपा शासित छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य के मंत्री अमर अग्रवाल के बंगले का घेराव किया तो पुलिस ने जमकर लाठियां चलाईं।
दरअसल, बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री अमर अग्रवाल के बंगले का घेराव किया था। इसी दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लाठीचार्ज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं।
पूरा हंगामा उस वक्त हुआ जब अग्रवाल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दिए बयान का विरोध करते हुए मंत्री के बंगले का घेराव किया गया। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के लिए राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मध्यप्रदेश के सतना में भी मुख्यमंत्री की सभा का विरोध कर रहे सपाक्स और सवर्ण समाज के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसमें कुछ लोगों को चोटें भी आई थीं। शिवराज ने यहां पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में शिरकत की थी।