Publish Date: Mon, 04 Sep 2023 (17:14 IST)
Updated Date: Mon, 04 Sep 2023 (17:20 IST)
Chandrayaan-3 Mission : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सोमवार को घोषणा की कि चंद्रयान-3 मिशन (Chandrayaan-3 Mission) का 'विक्रम' लैंडर (Vikram Lander) सुप्तावस्था (Sleep Mode) में चला गया है। इससे पहले रोवर 'प्रज्ञान' शनिवार को सुप्तावस्था या निष्क्रय अवस्था में चला गया था।
इसरो ने एक्स पर लिखा, विक्रम लैंडर भारतीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजे सुप्तावस्था में चला गया। इससे पहले चास्ते, रंभा-एलपी और इलसा पेलोड द्वारा नए स्थान पर यथावत प्रयोग किए गए। जो आंकड़े संग्रहित किए गए, उन्हें पृथ्वी पर भेजा गया। पेलोड को बंद कर दिया गया और लैंडर के रिसीवर को चालू रखा गया है।
इसरो ने कहा था, सौर ऊर्जा खत्म हो जाने और बैटरी से भी ऊर्जा मिलना बंद हो जाने पर विक्रम, प्रज्ञान के पास ही निष्क्रिय अवस्था में चला जाएगा। उनके 22 सितंबर, 2023 के आसपास सक्रिय होने की उम्मीद है। इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने पहले कहा था कि चंद्र मिशन के रोवर और लैंडर चंद्रमा की रात में निष्क्रिय हो जाएंगे।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)