Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
प्रिया प्रकाश वारियर अपने एक वीडियो के कारण पूरे भारत में चर्चित हो गई हैं। प्रिया को गूगल पर खूब सर्च किया जा रहा है। उनके फोटो और उनके बारे में खबरें ढूंढी जा रही हैं। वे टॉप ट्रेंड में बनी हुई हैं। प्रिया के इंटरव्यू लिए जा रहे हैं और वे इस नई लोकप्रियता का खूब मजा ले रही हैं।
हाल ही में प्रिया ने एक इंटरव्यू दिया है। इसमें उन्होंने बताया कि उन्हें भी बॉलीवुड फिल्मों से बड़ा प्यार है और वे हिंदी फिल्मों में काम करने की इच्छा रखती हैं।
18 वर्षीय, बीकॉम फर्स्ट ईयर की विद्यार्थी प्रिया का कहना है कि उनकी पसंदीदा अभिनेत्री दीपिका पादुकोण हैं। जहां तक हीरो का सवाल है तो वे शाहरुख खान, रणवीर सिंह और सिद्धार्थ मल्होत्रा को बेहद पसंद करती हैं और उनसे मिलना चाहती हैं। वे संजय लीला भंसाली के साथ फिल्म करना चाहती हैं जिनकी हालिया फिल्म 'पद्मावत' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है।
प्रिया की पहली फिल्म 'ओरू अदार लव' मार्च में रिलीज हो रही है। उन्हें पता नहीं था कि इस फिल्म के एक गाने में उनकी आंख मारने की अदा इतनी लोकप्रिय हो जाएगी। प्रिया के अनुसार उन्होंने तो वैसा ही किया जैसा कि निर्देशक ने बताया। वे कहती हैं कि उन्हें अपनी आईब्रो और आंखों से इशारा करना था। जब शूटिंग की तब पता नहीं था कि यह अदा इतनी पॉपुलर हो जाएगी। प्रिया का यह शॉट पहले टेक में ही ओके हो गया था।
प्रिया के अनुसार यह फिल्म स्कूल लाइफ के बारे में हैं। जिसमें स्कूल लाइफ में क्रश के बारे में दर्शाया गया है। प्रिया अभी पढ़ाई कर रही हैं और उनका कहना है कि वे पढ़ाई और करियर दोनों पर ध्यान लगाएंगी। केरल में रहने वाली प्रिया ने मुंबई में भी पढ़ाई की है। वे बहुत अच्छी हिंदी बोल लेती हैं। उन्हें 'अच्छा चलता हूं' गाना बेहद पसंद है।