Publish Date: Thu, 14 Mar 2019 (11:24 IST)
Updated Date: Thu, 14 Mar 2019 (11:26 IST)
14 मार्च को जन्मे रोहित शेट्टी 45 वर्ष के हो गए हैं। इस समय वे बॉलीवुड के सबसे कामयाब निर्देशकों में से एक हैं। इसीलिए उन्हें रो-हिट शेट्टी भी कहा जाता है। 15 साल के करियर में वे दस से ज्यादा हिट फिल्म दे चुके हैं। उन्होंने अजय देवगन के साथ सर्वाधिक फिल्में बनाई हैं और रणवीर सिंह तथा शाहरुख खान के साथ भी काम किया है।
रोहित के दिमाग में यह बात स्पष्ट है कि महान नहीं बल्कि सफल फिल्म बनाना है। इसीलिए वे जनता की पसंद के अनुरूप मनोरंजन रचते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वे फिल्म की शूटिंग के दौरान ही जान जाते हैं कि इस सीन या संवाद पर सिनेमाघर में तालियां गूंजेगी। सीटियां बजेंगी। अब तक उनका पूर्वानुमान सही बैठा है।
रोहित तेजी से काम करते हैं। जब उनकी एक फिल्म की शूटिंग चल रही होती है तब वे अपने लेखकों की टीम के साथ दूसरी फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे होते हैं। इसी कारण लगभग हर वर्ष उनकी फिल्म रिलीज होती है।
शाहरुख, अजय और रणवीर सिंह के साथ रोहित ने सफल फिल्में बनाई हैं। इन तीनों हीरो के साथ उन्होंने 200 करोड़ क्लब की फिल्में बनाई हैं, लेकिन 300 करोड़ अभी भी दूर है।
रोहित की सबसे सफल फिल्म है 'सिम्बा' जिसने लगभग 240 करोड़ रुपये का व्यवसाय भारत से किया है। इससे रोहित निराश हैं। हाल ही में उन्होंने कहा कि इस फिल्म को मात्र दो करोड़ लोगों ने टिकट लेकर देखा। सबसे सफल फिल्म दंगल को मात्र चार करोड़ लोगों ने देखा। यदि भारत की जनसंख्या से इस आंकड़े की तुलना की जाए तो यह बहुत कम है।
रोहित का मानना है कि सिनेमाघरों की कम संख्या भी इसके लिए जवाबदार है। यदि सिनेमाघर की संख्या बढ़ा दी जाए जो बॉलीवुड की हिट फिल्मों का व्यवसाय बहुत बढ़ सकता है।
रोहित चाहते हैं कि उनकी फिल्म भी 300 करोड़ क्लब में शामिल हो। इसके लिए उन्हें सलमान खान जैसे सितारे के साथ काम करना होगा। सलमान मसाला फिल्मों के सुपरस्टार हैं और रोहित इस तरह की फिल्म बनाने के लिए विख्यात हैं। यदि ये दोनों साथ काम करें तो जबरदस्त सफल फिल्म बन सकती है।
रोहित भी सलमान के साथ काम करना चाहते हैं। सलमान के फैंस की भी यह इच्छा है। निकट भविष्य में ये संभव है। फिलहाल तो दोनों ही अपनी-अपनी फिल्मों में व्यस्त हैं।