Publish Date: Tue, 10 Mar 2015 (13:08 IST)
Updated Date: Tue, 10 Mar 2015 (13:25 IST)
भारतीय टीम विश्व कप 2015 में मैच दर मैच चमत्कार कर रही है। भारत ने अब तक विश्व कप में खेले गए सभी मैचों में जीत दर्ज की है, लेकिन ये जीत कई लिहाज से कुछ ज्यादा ही स्पेशल रही हैं। भारत ने विश्वकप के ग्रुप बी के मुकाबले में आयरलैंड को हराते हुए एक और रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है।
भारत ने अब तक विश्व कप में खेले गए पांच के पांचों मैचों में विपक्षी टीमों को ऑलआउट किया है। भारत ने विश्व कप के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को, दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को, तीसरे में वेस्टइंडीज को, चौथे में यूएई को ऑल आउट किया था। भारत ने अपनी धारदार गेंदबाजी के दम पर आयरलैंड को भी ऑलआउट कर दिया।
इस तरह टूर्नामेंट में पांच बार विपक्षी टीमों को ऑलआउट करने का रिकॉर्ड भारतीय टीम ने अपने नाम किया है। साथ हीभारतीय टीम ने विश्व कप में 9वीं बार लगातार जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इसके अलावा भारतीय सलामी जोड़ी ने भी अपने नाम एक रिकॉर्ड किया। शिखर धवन और रोहित शर्मा ने विश्व कप में किसी भी भारतीय सलामी जोड़ी के द्वारा सर्वाधिक साझेदारी(174) रन का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और अजय जडेजा(163) के नाम था।