Publish Date: Thu, 21 Jun 2018 (10:59 IST)
Updated Date: Thu, 21 Jun 2018 (11:57 IST)
सोशल मीडिया पर इन दिनों जनाजे के दौरान बम विस्फोट का एक वीडियो बहुत शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा कि यह कश्मीर के एक आत्मघाती हमलावर के जनाजे के जुलूस का वीडियो है, जिसमें आतंकवादी के मृत शरीर पर बंधा सुसाइड बम अचानक फट जाता है।
क्या है दावा...
इस वायरल वीडियो के साथ लिखा हुआ है- 'कश्मीर में एक सुसाइडर आतंकवादी को पुलिस ने उसके सुसाइड करने के पहले ही मार गिराया। वहां के मुस्लिम उसे मसीहा बताकर आतंकवादी के जनाजे में भारी संख्या में एकत्र हुए, पर भूल गए कि उस आतंकवादी के बदन पर अभी सुसाइड बम बंधा है जो एक्टिवेट है'। वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि जनाजे के जुलूस के दौरान एक बम विस्फोट हो जाता है।
क्या है सच..
दरअसल, यह वीडियो साल 2012 का है, लेकिन कश्मीर का नहीं बल्कि सीरिया का। यह जनाजा विपक्ष के एक कार्यकर्ता अब्दुल हादी अल-हलाबी का था, जिसकी हत्या सीरियाई सरकार के एक गुप्तचर ने की थी। अल-हलाबी के जनाजे के जुलूस के दौरान एक कार बम का विस्फोट हुआ था, जिसमें कम से कम 20 लोग मारे गए। यह खबर उस वक्त द न्यूयॉर्क टाइम्स में भी आई थी।
हमारी पड़ताल में कश्मीर के आत्मघाती हमलावर के जनाजे के दौरान उसपर बंधे बम के फटने का दावा करने वाला यह वीडियो झूठा निकला।