सीएम योगी बोले, ग्लोबल वार्मिंग पर्यावरण प्रदूषण की चेतावनी
खराब मौसम और ग्लोबल वार्मिंग के बीच संबंध का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर प्रतिकूल वातावरण मनुष्य ने बनाया है तो वातावरण को अनुकूल बनाने की जिम्मेदारी भी मनुष्य की ही होगी।
Publish Date: Sat, 22 Feb 2025 (12:37 IST)
Updated Date: Sat, 22 Feb 2025 (12:44 IST)
Yogi Adityanath on Global Warming : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखीमपुर खिरी में कहा कि ग्लोबल वार्मिंग पर्यावरण प्रदूषण की चेतावनी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति हम लोग जितना जागरुक होंगे, पर्यावरण हमें जीने के लिए उतना ही अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा।
योगी आदित्यनाथ 2,850 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे कुंभी, लखीमपुर में भारत के पहले बायो-पॉलिमर प्लांट का शिलान्यास करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
योगी ने कहा कि दुनिया पर्यावरण प्रदूषण के प्रति चिंतित है। खराब मौसम और ग्लोबल वार्मिंग के बीच संबंध का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर प्रतिकूल वातावरण मनुष्य ने बनाया है तो वातावरण को अनुकूल बनाने की जिम्मेदारी भी मनुष्य की ही होगी।
उन्होंने कहा कि अगर अन्नदाता किसान को नई तकनीक देंगे, नया बीज देंगे तो उत्तर प्रदेश की धरती माता में इतनी सामर्थ्य है कि वह 3 गुना प्रोडक्शन बढ़ा सकती हैं। अनुकूल वातावरण का ही परिणाम है कि महाकुंभ 2025, प्रयागराज में आज तक 60 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आस्था की पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।
यूपी सीएम ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि जनपद लखीमपुर खीरी में 2,850 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले भारत के प्रथम बायो पॉलिमर संयंत्र का आज शिलान्यास किया। यह संयंत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' को आगे बढ़ाने के साथ ही पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति एवं रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। जनपद वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
edited by : Nrapendra Gupta