Publish Date: Mon, 10 Aug 2020 (11:33 IST)
Updated Date: Mon, 10 Aug 2020 (11:41 IST)
लखनऊ। राम मंदिर निर्माण के साथ ही उत्तरप्रदेश में प्रतिमा लगाने की सियासत शुरू हो गई है। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने ऐलान किया है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में वापसी करती है तो वे परशुराम की प्रतिमा लगवाएंगी। मायावती ने ट्वीट करके यह वादा किया है।
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री BSP की सुप्रीमो मायावती ने कहा कि प्रदेश में बसपा की सरकार बनने पर वे ब्राह्मण समाज की आस्था का विशेष ध्यान रखते हुए भगवान परशुराम की 108 फुट ऊंची प्रतिमा लखनऊ में लगवाएंगी। मायावती का यह वादा प्रदेश के ब्राह्मणों को रिझाने की कोशिश माना जा रहा है।
उत्तरप्रदेश में करीब 9 प्रतिशत ब्राह्मण हैं। उत्तरप्रदेश में डेढ़ साल बाद 2022 में विधानसभा चुनाव होना है। मायावती ने कहा कि सपा द्वारा प्रतिमा लगाना केवल चुनावी वादा है और इससे भव्य प्रतिमा बसपा द्वारा लगवाई जाएगी।
मायावती ने कहा कि कोरोना महामारी के मामले में केंद्र व राज्य सरकारों की कमियों के मद्देनजर बसपा सरकार बनने पर उत्तरप्रदेश में ब्राह्मण समाज की आस्था और स्वाभिमान के प्रतीक श्री परशुराम और अन्य सभी जातियों व धर्मों में जन्मे महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के नाम पर बड़ी संख्या में आधुनिक अस्पताल और सभी जरूरी सुविधायुक्त कम्युनिटी सेंटर ठहरने के लिए बनवाए जाएंगे।