Publish Date: Thu, 23 Apr 2026 (19:24 IST)
Updated Date: Thu, 23 Apr 2026 (19:31 IST)
उत्तरप्रदेश बोर्ड परीक्षा परिणाम में बरेली की बेटियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। खेड़ा गांव स्थित सर्वोदय जन कल्याण इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर नई मिसाल पेश की है। नंदिनी गुप्ता ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि सुरभि यादव ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में जश्न का माहौल बन गया। दोनों छात्राओं का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया और मिठाइयां बांटी गईं। शिक्षकों और परिजनों के चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था।
नंदिनी गुप्ता की सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और अनुशासन की बड़ी भूमिका रही है। उनके पिता मोहनलाल गुप्ता फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि माता ममता देवी गृहिणी हैं। नंदिनी रोजाना लगभग 7 किलोमीटर साइकिल से स्कूल जाती थीं। उन्होंने बताया कि मौसम चाहे जैसा भी हो, उन्होंने कभी पढ़ाई से समझौता नहीं किया। नियमित कक्षाओं के साथ-साथ अतिरिक्त कक्षाओं में भी भाग लिया और रोजाना करीब 18 घंटे अध्ययन किया। उनका सपना डॉक्टर बनना है।
सुरभि यादव ने भी अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वह भी 7 से 8 किलोमीटर दूर से साइकिल चलाकर स्कूल पहुंचती थीं। उनके पिता इफको खाद कंपनी में कार्यरत हैं। सुरभि ने बताया कि उन्होंने पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई की, सोशल मीडिया से दूरी बनाई और अतिरिक्त कक्षाओं का पूरा लाभ उठाया। उनका लक्ष्य भी डॉक्टर बनना है।
दोनों छात्राओं की सफलता से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों ने इसे कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया। परिजनों ने भी मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। बरेली की इन बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। Edited by: Sudhir Sharma