Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

रेस्टोरेंट में सो रहे किशोर की सांप के काटने से मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

Advertiesment
हमें फॉलो करें snake

हिमा अग्रवाल

, रविवार, 18 मई 2025 (11:56 IST)
Bagpat news in hindi : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सर्पदंश के चलते एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना का सीसीटीवी सामने आया है। इसमें जहरीला सांप किशोर के ऊपर रेंगता हुए उसे काट लेता है। सांप के काटने के बाद किशोर बाहर भागता है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन उसकी सांसे रास्ते में ही थम जाती है। किशोर की मौत के बाद उसके परिवार में हाहाकार मच गया, क्योंकि उसके कंधों पर घर की जिम्मेदारी थी।
 
बागपत जिले छपरौली थाना क्षेत्र के लूम्ब गांव में 17 वर्षीय मनोज एक रेस्टोरेंट में काम करता था। काम के बाद वह रेस्टोरेंट के स्टोर रूम में ही सो जाता था। हादसे के समय मनोज रेस्टोरेंट में सो रहा था, तभी अचानक एक जहरीला सांप स्टोर रूम में घुस आया और मनोज के पलंग पर चढ़ गया। मनोज ने चादर ओड़ रखी थी उस पर रेंगने लगा और कुछ ही सेकंड में चादर के अंदर आधा घुसकर मनोज को डस लिया।
 
मनोज ने झटके से चादर हटाई और शोर मचाते हुए बाहर भागा। सर्पदंश की यह घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सांप मनोज के ऊपर रेंग रहा है। 
 
सांप के काटते ही मनोज की हालत बिगड़ने लगी। कुछ ही समय में वह बेहोश हो गया। जब यह जानकारी परिजनों तक पहुंची, तो उन्होंने तत्काल उसे पास के अस्पताल ले जाने की कोशिश की। लेकिन अनहोनी को कोई टाल न सका और रास्ते में ही मनोज ने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। 
 
गांव के लोगों का कहना है कि मनोज बहुत मेहनती और जिम्मेदार था। कुछ साल पहले उसके पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उस पर आ गई। हालांकि मनोज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और रेस्टोरेंट में काम करके अपने परिवार का पेट पाल रहा था। उसका बड़ा भाई गांव से बाहर नौकरी करता है।
 
मनोज की मौत से उसका परिवार टूट गया है, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिजनों के लिए आर्थिक मदद की मांग रखी है, ताकि इस दुख की घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके। ग्रामीणों का यह भी है कि रेस्टोरेंट जैसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।
edited by : Nrapendra Gupta 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

LIVE: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी रहेगा सीजफायर, नहीं होगी गोलीबारी