Publish Date: Wed, 17 Feb 2021 (17:08 IST)
Updated Date: Thu, 18 Feb 2021 (00:35 IST)
नोएडा (उप्र)। थाना दनकौर में अदालत के आदेश पर 4 लोगों के खिलाफ एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना दनकौर क्षेत्र में स्थित एक वृद्ध आश्रम में काम करने वाली महिला ने आश्रम के अध्यक्ष और प्रबंधक सहित 4 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है।
उन्होंने बताया कि यह मामला अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ है। महिला आश्रम में सफाई कर्मी के रूप में काम करती है और महिला का आरोप है कि 5 और 17 मई 2020 को संस्था के अध्यक्ष और उसके साथी ने उसके साथ 2 बार सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप के अनुसार आश्रम के प्रबंधक और उसकी सहयोगी ने दुष्कर्म में उनका सहयोग किया।
प्रवक्ता ने बताया कि महिला का आरोप है कि वह मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने गई, लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी जिसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। गौतम बुद्ध नगर जिला अदालत ने मंगलवार को मामला दर्ज करने का आदेश दिया जिसके बाद बुधवार को थाने में मामला दर्ज किया गया। (भाषा)