Publish Date: Thu, 25 Aug 2022 (08:09 IST)
Updated Date: Thu, 25 Aug 2022 (08:17 IST)
नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल दरें 4 साल बाद बढ़ा दी गई हैं। इससे ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस वे पर सफर महंगा हो जाएगा। बढ़ी टोल दरें 1 सितंबर से लागू कर दी जाएंगी।
अब हल्के वाहनों के लिए टोल 10 पैसा प्रति किलोमीटर बढ़ाया गया है। व्यवसायिक वाहनों पर 3 रुपए 90 पैसे प्रति किलोमीटर की जगह अब 4 रुपए 15 पैसे प्रति किलोमीटर टोल देना होगा। बस और ट्रक पर पहले 7.90 रुपए प्रति किलोमीटर टोल शुल्क था जो अब 8.45 रुपए प्रति किलोमीटर हो गया है।
इस एक्सप्रेस वे पर सफर करने वाले कार चालकों को अब 16.50 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। बस-ट्रक को 90.75 रुपए और बड़े व्यवसायिक वाहनों को 173.25 रुपए बढ़े हुए टोल के रूप में चुकाने होंगे।
यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि यमुना प्राधिकरण की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यमुना एक्सप्रेसवे की टोल दरें बढ़ाई जाएं। वर्ष 2018 में दरें बढ़ाई गई थीं, तब से इनमें बढ़ोतरी नहीं की गई थी।
अदालत के दिशा निर्देशों के अनुसार एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा को लेकर 22 काम किए जाने थे, इन कामों के पूरा नहीं होने से यमुना प्राधिकरण टोल दरें नहीं बढ़ा रहा था।
यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन ने सुरक्षा उपायों पर काम कर लिया है, इस पर 130 करोड़ रुपए से अधिक खर्च हुआ है और काम होने के बाद यमुना प्राधिकरण ने टोल दरें बढ़ा दी हैं।
webdunia
Publish Date: Thu, 25 Aug 2022 (08:09 IST)
Updated Date: Thu, 25 Aug 2022 (08:17 IST)