Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

होली से पहले चढ़ा बनारस में चुनावी रंग

हमें फॉलो करें होली से पहले चढ़ा बनारस में चुनावी रंग
वाराणसी , शनिवार, 4 मार्च 2017 (12:30 IST)
वाराणसी। देश की सांस्कृतिक राजधानी कही जाने वाली वाराणसी होली से पहले चुनावी रंग में सरोबार नजर आई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती शनिवार को यहां चुनावी सभाएं एवं 'रोड शो' कर रहे हैं।
 
मोदी पूर्व निर्धारित समय पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे और 3 दिवसीय चुनावी कार्यक्रमों की शुरुआत लंका स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मुख्य द्वार भारतरत्न महामना पं. मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर चुनावी 'रोड शो' के जरिए शुरू कर दिया। 
 
अपराह्न लगभग 2 बजे तक चलने वाले मोदी के इस चुनावी 'रोड शो' को पार्टी 'जनता दर्शन' बता रही है। मोदी का रोड शो निर्धारित लगभग 10 बजे के बजाए 1 घंटे देरी से लगभग 11 बजे शुरू हुआ। इससे पहले मोदी अपने निर्धारित समय पर विशेष विमान से बातपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां से वे सेना के हेलीकॉप्टर से बीएचयू के हेलीपैड पहुंचे। बीएचयू हेलीपैड पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित कुछ अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की।
 
मोदी के वाराणसी आगमन से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। मंदिर के जाने के रास्ते में बीएचयू के छात्र-छात्राओं ने सड़क किनारे खड़े होकर उनका अभिवादन एवं स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत कर रहे हैं। समर्थक 'मोदी जिंदाबाद' के नारे लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री को खुली कार में सवार देखने के लिए मकान की छतों पर लोग खड़े हैं और मोदी-मोदी के नारे लगा रहे हैं।
 
लंका स्थित सिंह द्वार पर हजारों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे एवं उसी प्रकार के रंग वाले बैलून लिए हुए थे। सिंह द्वार पर मौजूद हजारों लोगों ने मोदी का पुष्प और मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने कई बार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
 
खुली कार से निकले मोदी लगभग 4 घंटे के दौरान ऐतिहासिक काशी विश्वनाथ मंदिर और कालभैरव मंदिर में पुजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद जौनपुर में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद शनिवार शाम लगभग 7.30 बजे वाराणसी लौटेंगे और शहर के मैदागिन इलाके में टाउन हॉल मैदान में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
 
इससे पहले मोदी बाबा विश्वनाथ मंदिर जाने के रास्ते लंका, रविदास गेट, अस्सी, भदैनी, सोनारपुरा, मदनपुरा, गोदौलिया और बांस फाटक के रास्ते पर जनता दर्शन करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी तीसरी बार बाबा का दुग्धाभिषेक करेंगे तथा लगभग 1 घंटे मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके लिए 51 किलो दूध की व्यवस्था की गई है।
 
इसी प्रकार शहर के कोतवाल माने जाने वाले बाबा कालभैरव मंदिर जाकर पहली बार पूजा- अर्चना करेंगे। बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद लेने के बाद मोदी चौक, नीचीबाग, मैदागिन, कोतवाली थाना, विशेश्वरगंज से गुजरात विद्या मंदिर होते हुए बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। 
 
लगभग आधे घंटे तक पूजा-अर्चना करने के बाद मोदी पड़ोसी जिले जौनपुर में चुनावी सभा को संबोधित करने जाएंगे और वहां से लौटने के बाद लगभग 7.30 बजे से 8.45 बजे तक शहर के भीड़भाड़ वाले मैदागिन इलाके में टाउन हॉल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। 
 
समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला अध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सुबह 12 बजे सेवापुरी और रोहनियां विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त चुनावी सभा मोहन सराय बाईपास के पास टड़िया, शहाबाद तथा दोपहर लगभग 1 बजे अगरा एवं शिवपुर विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त चुनावी सभा में मुनारी लोगों को संबोधित करेंगे। 
 
सेवापुरी से राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल और रोहनियां से उनके भाई महेंद्र सिंह पटेल, जबकि शिवपुर से अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले आनंद मोहन उर्फ गुड्डू यादव चुनावी मैदान में हैं।
 
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रो. सतीश राय ने बताया कि शिवपुर की सभा के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव एवं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का चुनावी रोड शो कचहरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उनके संक्षिप्त भाषण के बाद शुरू होगा।
 
सपा जिला अध्यक्ष डॉ. यादव ने बताया कि रोड शो में अखिलेश यादव की पत्नी एवं लोकसभा सांसद डिंपल यादव भी शामिल हो सकती हैं। डॉ. यादव ने बताया कि दोनों दलों के शीर्ष नेताओं का काफिला कचहरी, नदेसर, चौका घाट, गोल गड्ढा, पीली कोठी, विश्वेश्वरगंज और मैदागिन होते हुए टाउन हॉल पहुंचेगा, जहां वे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां रोड शोबुला नाला, नीचीबाग, चौक होते हुए गौदौलिया पर गिरजाघर चौराहे पर पहुंचेगा, जहां दोनों नेता क्रांतिकारी सरदार उधमसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा जनता को संबोधित करेंगे। यहीं रोड शो समाप्त होगा। बसपा प्रमुख मायावती रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में जगतपुर इंटर कॉलेज में दिन के लगभग 1 बजे वाराणसी की पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। 
 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोदी सहित तमाम प्रमुख नेताओं के चुनावी कार्यक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है तथा चुनावी सभा एवं रोड शो वाले मार्गों पर कार्यक्रम के कुछ समय पहले एवं बाद तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है या फिर वाहनों के वैकल्पिक रास्तों पर चलने की व्यवस्था की गई है।
 
उल्लेखनीय है कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में 8 मार्च को वाराणसी में मतदान है जिसके लिए 6 मार्च की शाम को प्रचार थम जाएगा। इसे देखते हुए भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपने प्रत्याशियों के प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। तमाम दलों के लगभग 100 शीर्ष नेता विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

एच1-बी वीजा, कंसास मामले से भारत नाराज, ट्रंप प्रशासन से की बात