Publish Date: Sat, 11 Mar 2017 (14:37 IST)
Updated Date: Sat, 11 Mar 2017 (14:41 IST)
नई दिल्ली। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा के प्रदर्शन को महाविजय बताते हुए कहा कि पार्टी ने इस जीत से देश की राजनीतिक रवायत बदल दी है।
विधानसभा चुनाव के परिणामों पर राजनाथ सिंह ने यहां कहा कि यह जीत नहीं, महाजीत है। भाजपा ने उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में विजय की नई ऊंचाइयों को छूकर देश की राजनीतिक कहानी बदल दी है। सिंह ने कहा कि चुनाव में भाजपा की जीत जनता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विश्वसनीयता, उनके काबिल नेतृत्व और पार्टी के सुशासन के प्रति संकल्प की जीत है।
उन्होंने कहा कि जीत का श्रेय हमारे अध्यक्ष (अमित शाह) की संगठनात्मक क्षमता और पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत को जाता है। हम इस ऐतिहासिक जीत के लिए उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड की जनता को धन्यवाद देते हैं। (भाषा)