Publish Date: Mon, 06 Mar 2017 (16:13 IST)
Updated Date: Mon, 06 Mar 2017 (16:16 IST)
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) और बसपा ने 15 साल में उत्तरप्रदेश को 'बर्बाद' कर दिया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण को समाप्त करने के साथ ही राज्य में गुंडागर्दी का खात्मा कर दिया जाएगा।
मुंगरा बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुजानगंज में भाजपा प्रत्याशी सीमा द्विवेदी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आपने सपा और बसपा को मौका दिया, कांग्रेस को मौका दिया और अब एक मौका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दे दीजिए। उत्तरप्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण समाप्त कर देंगे।
भाजपा सरकार बनने पर राज्य के 'कत्लखाने' बंद करने का ऐलान करते हुए शाह ने कहा कि वे प्रदेश में खून की नहीं, बल्कि दूध और घी की नदियां बहाना चाहते हैं। उत्तरप्रदेश में जिस दिन भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, रात 12 बजे के पहले राज्य के सारे कत्लखाने बंद कर दिए जाएंगे। अब तक प्रदेश में गाय, भैंस और बैल के खून की नदियां बहाई जाती रहीं लेकिन अब खून की नहीं, घी और दूध की नदियां बहेंगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 15 सालों में सपा और बसपा ने उत्तरप्रदेश को बरबादी की गर्त में ढकेल दिया। इस दौरान देश के अन्य राज्य कहां से कहां पहुंच गए। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कहते हैं कि काम बोलता है, क्या काम किया है? मैं बताता हूं। खून और हत्या के मामले में उत्तरप्रदेश को नंबर 1 बना दिया है। अब 2 शहजादे इकट्ठा हो गए हैं। एक से बाप परेशान तो एक से मां और दोनों से उत्तरप्रदेश परेशान है। सारा पैसा बुआ, भतीजा और चाचा खा गए।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के हर साल भेजे गए 1 लाख करोड़ का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत ढाई साल के अंदर 2 करोड़ लोगों को निःशुल्क गैस कनेक्शन एवं चूल्हा दिया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा के शासन में गुंडाराज रहा तो बसपा में भ्रष्टाचार का बोलबाला रहता है। उत्तरप्रदेश में सपा की अखिलेश यादव सरकार ने पहले ही अपनी हार मानकर कांग्रेस से गठबंधन किया है। पिछले 5 सालों में प्रदेश में सबसे ज्यादा दंगे हुए। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भी सूबे में हत्याएं हो रही हैं। सपा ने भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों को टिकट दिया है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि यह गठबंधन 2 भ्रष्टाचार लिप्त पार्टियों का है। सपा के कुछ मंत्री अपराध और भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं और उन्हें सरकारी संरक्षण मिल रहा है जिसका ज्वलंत उदाहरण उनके एक मंत्री के खिलाफ बलात्कार में उच्चतम न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया लेकिन आज तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।
किसानों की बदहाली और गन्ना किसानों की दयनीय स्थिति के लिए अखिलेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए शाह ने कहा कि सपा सरकार ने केवल विकास का श्रेय लेने के लिए मेट्रो का उद्घाटन जल्दबाजी में कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी की खिल्ली उड़ाने पर शाह ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल बाबू, आप मोदीजी से हिसाब मांगते हैं, लेकिन ये संसद का चुनाव नहीं है और 2019 में हम सारा हिसाब दे देंगे। कांग्रेस ने 60 साल तक देश में शासन किया लेकिन लोगों के घरों में सिलेंडर तक नहीं पहुंचा पाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो 5 साल में प्रदेश के 70 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और प्रदेश में 40 डेरी, 80 इंजीनियरिंग कॉलेज और 25 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद का कोई उम्मीदवार घोषित नहीं करना पार्टी की 'रणनीति' थी। इस पद के लिए नाम का चयन निर्वाचित विधायकों और भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस समय प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है और अब तक संपन्न हुए 6 चरणों के चुनाव में पार्टी सभी दलों से आगे है और दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Mon, 06 Mar 2017 (16:13 IST)
Updated Date: Mon, 06 Mar 2017 (16:16 IST)