Festival Posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बाजार ने लगाया गोता, सेंसेक्‍स लुढ़का, निफ्टी फिसला

Advertiesment
Bombay Stock Exchange
मुंबई। अधिकतर एशियाई बाजारों से मिली गिरावट की खबरों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के चार साल के उच्चतम स्तर पर टिके रहने और डॉलर की तुलना में रुपए की जबरदस्त गिरावट के दबाव में घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को तेज गोता लगाया।


दूरसंचार, ऑटो और टेक समूहों में हुई बिकवाली से बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 550.51 अंक लुढ़ककर 36,000 के आंकड़े से नीचे का गोता लगाता हुआ 35,975.63 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 150.05 अंक फिसलकर 10,858.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स 76.71 अंक की तेजी के साथ 36,602.85 अंक पर खुला और यही इसका दिवस का उच्चतम स्तर भी रहा।

सेंसेक्स कच्चे तेल की कीमतों के दबाव में खुलते ही यह लाल निशान में चला गया। भारत कच्चे तेल का बड़ा आयातक है और ऐसी स्थिति में चालू खाता बढ़ने की आशंकाएं बढ़ जाती हैं, जिसका दबाव निवेशकों पर रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 85 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है, जो इसका चार साल का उच्चतम स्तर है। रुपया आज कारोबार के दौरान 73.42 रुपए प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया, जिससे बाजार में अफरातफरी मच गई।

इसके अलावा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भी पूंजी बाजार से 38.32 करोड़ डॉलर की निकासी की। वाहन बिक्री के सितंबर के आंकड़े निवेशकों की उम्मीदों के विपरीत रहे। बिक्री में अपेक्षित तेजी न रहने के कारण निवेशकों का मनोबल टूटा और ऑटो समूह के सूचकांक में सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 35,911.82 अंक के दिवस के निचले स्तर से होता हुआ अंतत: गत दिवस की तुलना में 1.51 प्रतिशत टूटकर 35,975.63 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की मात्र पांच कंपनियां हरे निशान में जगह बना पाईं। निफ्टी शुरुआत से ही गिरावट में रहा। यह 10,982.70 अंक पर खुला और पूरे कारोबार के दौरान 11,000 के आंकड़े को नहीं छू पाया। यह 10,989.05 अंक के दिवस के उच्चतम और 10,843.75 अंक के दिवस के निचले स्तर से होता हुआ गत दिवस की तुलना में 1.36 प्रतिशत फिसलकर 10,858.25 अंक पर बंद हुआ।

निफ्टी की 36 कंपनियां गिरावट में और 14 तेजी में रहीं। दिग्गज कंपनियों की तरह मंझोली कंपनियों में भी बिकवाली हावी रही जबकि छोटी कंपनियों में लिवाली देखी गई। बीएसई का मिडकैप 111 प्रतिशत यानी 164.26 अंक लुढ़ककर 14,676.48 अंक पर और स्मॉलकैप 0.20 प्रतिशत यानी 29.18 अंक की तेजी में 14,424.41 अंक पर बंद हुआ।

बीएसई में कुल 2,818 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 154 अपरिवर्तित रहीं, जबकि 1,450 में तेजी और 1,214 में गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में तेजी का रुख रहा, जबकि एशियाई बाजार गिरावट में रहे। ब्रिटेन का एफटीएसई 0.16 प्रतिशत की तेजी में रहा और जर्मनी के डैक्स में कारोबार बंद रहा। अवकाश के कारण चीन, दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार भी बंद रहे, जबकि जापान के निक्की में 0.66 और हांगकैंग के हैंगशैंग में 0.13 प्रतिशत की गिरावट रही।

बीएसई के 20 समूहों में मात्र चार समूह तेजी में रहे। पूंजीगत वस्तु में 0.23, धातु में 1.74, तेल एवं गैस में 0.63 और पीएसयू में 0.59 प्रतिशत की तेजी रही। शेष सभी 16 समूह गिरावट में रहे, जिसमें ऑटो में 2.90, दूरसंचार में 2.84, टेक में 2.38, आईटी में 2.23, सीडीजीएस में 2.06, बेसिक मटेरियल्स में 0.12, ऊर्जा में 0.83, एफएमसीजी में 1.17, वित्त में 0.91, स्वास्थ्य में 0.38, इंडस्ट्रियल्स में 0.11, यूटिलिटीज में 0.59, बैंकिंग में 1.54, सीडी में 0.83, बिजली में 0.48 और रियल्टी में 0.02 फीसदी की गिरावट रही।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में यस बैंक के शेयरों के दाम 5.79, वेदांता लिमिटेड में 3.09, कोल इंडिया में 1.60, ओएनजीसी में 1.45 और बजाज ऑटो में 0.16 प्रतिशत चढ़ गए। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 6.66, टीसीएस में 4.14, एक्सिस बैंक में 3.91, आईसीआईसीआई बैंक में 3.36, मारुति में 2.86, कोटक बैंक में 2.24, इंफोसिस में 2.23, भारती एयरटेल में 2.21, हीरो मोटोकॉर्प में 2.14, रिलायंस में 2.13, एशियन पेंट्स में 2.11, पावर ग्रिड में 1.66, हिंदुस्तान यूनीलीवर में 1.63, विप्रो में 1.47, सन फार्मा में 1.40, भारतीय स्टेट बैंक में 0.86, एनटीपीसी में 0.83, टाटा मोटर्स में 0.74, आईटीसी में 0.71, टाटा स्टील में 0.65, इंडसइंड बैंक में 0.34, एचडीएफसी बैंक में 0.25, अदानी पोटर्स में 0.24, एलएंडटी में 0.24 और एचडीएफसी में 0.19 प्रतिशत की गिरावट रही। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मध्यप्रदेश में राहुल को जवाब देने अमित शाह उतरेंगे चुनावी मैदान में