Publish Date: Wed, 13 Dec 2017 (15:54 IST)
Updated Date: Wed, 13 Dec 2017 (15:58 IST)
जयपुर। पेशेवर सर्किट में सिर्फ दो साल पहले पदार्पण करने वाले भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंदरसिंह ने कहा है कि वे अभी तक जीते दो खिताबों से संतुष्ट हैं और अगले साल विश्व खिताब जीतने की कवायद में कोई हड़बड़ी नहीं करेंगे। विजेंदर ने अभी तक नौ मुकाबले खेलकर सारे जीते हैं और डब्ल्यूबीओ एशिया पेसीफिक तथा ओरिएंटल सुपर मिडिलवेट खिताब अपने नाम किए। वे 23 दिसंबर को यहां घाना के अर्नेस्ट एमुजू से खेलेंगे।
एमुजू ने 25 मुकाबले खेलकर 21 जीते हैं। विजेंदर ने कहा कि वह अच्छा मुक्केबाज है और रिकॉर्ड 23 मुकाबले जीते हैं। यह एशिया में उसका पहला मुकाबला है और वह जीत को बेताब होगा। जयपुर की सुनहरी यादें मेरे जेहन में है, क्योंकि रेलवे में टीसी रहते मैंने यहां कुछ महीने बिताए हैं।
उन्होंने कहा कि मैं अपने 10वें पेशेवर मुकाबले के लिए काफी मेहनत कर रहा हूं। निश्चित तौर पर मैं उसे हराऊंगा क्योंकि सिंग इज द किंग। आगामी सत्र के बारे में उन्होंने कहा कि मुझे कोई हड़बड़ी नहीं है। मैं धीरे-धीरे आगे बढूंगा। हर दौर मेरे लिए फाइनल की तरह है। उम्मीद है कि अगले साल विश्व खिताब जीत सकूंगा।