Publish Date: Sun, 22 Oct 2017 (18:30 IST)
Updated Date: Sun, 22 Oct 2017 (18:42 IST)
नई दिल्ली। खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) का नाम बदलने की ओर इशारा करते हुए रविवार को कहा कि मौजूदा दौर में खेलों में 'प्राधिकरण' शब्द का कोई औचित्य नहीं।
राठौड़ ने साइ में बदलाव की ओर इशारा करते हुए ट्वीट किया कि बेहतर सेवाएं देने के लिए 'भारतीय खेल प्राधिकरण' में आज के दौर में 'प्राधिकरण' का कोई मतलब नहीं है इसलिए भारतीय खेलों और साइ में बदलाव किया जाएगा। उन्होंने देश के उन खिलाड़ियों को मदद का भी भरोसा दिया, जो अपनी जीविका चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि यह काफी दुखद है कि खेलों के हमारे नायकों को उनका सर्वश्रेष्ठ समय गुजरने के बाद जीविका चलाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है। हमारे खिलाड़ियों की मदद के बारे में आप क्या सोचते हैं, हमें लिखें। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय खिलाड़ियों को सम्मान और सुविधा देने के अपने लक्ष्य से नहीं भटकेगा।
यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में बीएसएफ हॉफ मैराथन में पहुंचे राठौड़ ने कहा कि हमारा मंत्र है- 'सम्मान और सुविधा' जिसमें खिलाड़ियों, कोचों और प्रशंसकों को सबसे ऊपर रखा जाता है। खेल संस्थाओं का काम भी दिखना चाहिए। पिछले महीने खेलमंत्री बनने वाले राठौड़ ने 2004 एथेंस ओलंपिक में निशानेबाजी में रजत पदक जीता है। (भाषा)