Publish Date: Thu, 27 Sep 2018 (00:04 IST)
Updated Date: Thu, 27 Sep 2018 (00:08 IST)
नई दिल्ली। देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित विश्व चैंपियन महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू को बॉलीवुड के दबंग सलमान खान की फिल्में बहुत पसंद हैं। भारत के सबसे बड़े फैन प्लेटफार्म इंडिया स्पोर्ट्स फैन पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं ने अपनी पसंदीदा फिल्म, गीत, खाने और ट्रेनिंग के बारे में कई राज साझा किए।
खेल रत्न अवॉर्डी मीराबाई चानू को सलमान खान की फिल्में बेहद पसंद हैं। वह साथ ही रियलिटी शो न्यायाधीश, नेहा कक्कड़ के गानों और लाइव-शो की भी दीवानी हैं। पारंपरिक मछली की चटनी उनकी सबसे पहली पसंद है जिसे वह अपने प्रशिक्षण शिविर में भी ले जाती है।
राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा अपनी पसंदीदा बॉलीवुड फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' के साथ हरियाणवी गाने के आदी है। वह हरा साग और घर की लस्सी के साथ अपना भोजन संपूर्ण समझते है।
राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज श्रेयसी सिंह मटन दो प्याज़ा को अपनी सबसे पसंदीदा डिश मानती हैं और कंगना रानौत की फिल्म 'क्वीन' की बड़ी प्रशंसक हैं। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता कोल्हापुर की राही सरनोबत को करीना कपूर और शाहिद कपूर की फिल्म 'जब वी मेट' बहुत पसंद है। वह अपना बाकी का समय पढ़ने और शूटिंग में बिताना पसंद करती है।
अर्जुन पुरस्कार विजेता निशानेबाज अंकुर मित्तल को छोले-भठूरे बहुत पसंद हैं, जिसके लिए वह कभी कभार अपनी फिटनेस से थोड़ा समझौता कर लेते हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी एन सिक्की रेड्डी बॉलीवुड फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' को अपनी सबसे पसंदीदा फिल्म मानती हैं।