Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
सिडनी। भारतीय निशानेबाज़ एलावेनिल वालारिवान ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए यहां गुरुवार को आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाज़ी विश्वकप में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा। व्यक्तिगत स्पर्धा के स्वर्ण पदक के अलावा एलावेनिल ने महिला टीम स्पर्धा में श्रेया अग्रवाल और जीना खिट्टा के साथ भारत को टीम स्वर्ण पदक दिलवाने में भी मदद की, वहीं अर्जुन बबूता ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता जो उनका दूसरा जूनियर विश्वकप पदक भी है।
18 साल की एलावेनिल अपने करियर के दूसरे ही विश्वकप में खेलने उतरी हैं जबकि वे पहली बार फाइनल में पहुंचीं जहां उन्होंने फाइनल में 249.8 का सर्वाधिक स्कोर हासिल किया। उन्होंने साथ ही क्वालिफिकेशन में 631.4 का स्कोर बनाया जो विश्वकप में नया रिकॉर्ड है।
एलावेनिल ने अहम 24वें शॉट पर 10.7 के स्कोर के साथ चीनी ताइपे की लिन यिंग शिन को पीछे छोड़ा। एलावेनिल ने गत सप्ताह फिसू विश्व शूटिंग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था। चीन की वांग ज़ेरू ने अपने पहले ही विश्वकप में 228.4 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। स्पर्धा के फाइनल में पहुंचीं अन्य भारतीय श्रेया और जीना छठे और सातवें पायदान पर रहीं, लेकिन उनके प्रदर्शन से एलावेनिल सहित तीनों महिलाओं की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा में भारत को स्वर्ण दिला दिया।
चीनी ताइपे की लिन, साई यि टिंग और हंग चेन चिंग को कांस्य मिला जबकि चीन की झू, वांग और गाओ मिंगवेई की तिकड़ी ने कांस्य जीता। पुरुष स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज़ बबुता ने 226.3 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। गत वर्ष वाको सिटी में एशियन चैंपियनशिप में रजत जीतने वाले बबुता को कांस्य मिला जबकि चीन के यूकी लियू (247.1) को स्वर्ण और हंगरी के जलान पेकलर (246) को रजत मिला। अन्य भारतीय निशानेबाज़ सूर्या प्रताप सिंह और शाहु तुषार माने छठे और आठवें पायदान पर रहे। (वार्ता)