Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मनु भाकर को बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड

अवनि लेखरा को बीबीसी पैरा-स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर अवॉर्ड, शीतल देवी बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर

Advertiesment
हमें फॉलो करें bbc Indian Sportswoman of the Year 2024

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

, मंगलवार, 18 फ़रवरी 2025 (08:19 IST)
ओलंपियन मनु भाकर बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड 2024 की विजेता चुनी गई हैं।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुई वोटिंग के बाद उनके नाम की घोषणा की गई। उन्होंने 2024 के पेरिस ओलंपिक में दो मेडल जीते। किसी भी ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली वो पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। यहां ये बता दें कि 2021 में मनु भाकर को बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिल चुका है।
 
पैरा शूटिंग में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली अवनि लेखरा को बीबीसी पैरा-स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड और ब्रॉन्ज़ जीतने के साथ ही 2024 के पेरिस ओलंपिक में भी उन्होंने गोल्ड जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।
 
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा,  “मैं बीबीसी की पूरी टीम को इस सराहनीय कार्यक्रम ‘बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर’ का आयोजन करने के लिए बधाई देती हूँ। इस पहल के ज़रिए जिन शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मान दिया गया है, उन्होंने न केवल खेल के क्षेत्र में उपलब्धियाँ हासिल कीं,  बल्कि उन्होंने युवा लड़कियों को भी निडर होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
 
बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी ने दिल्ली में इस पूरे कार्यक्रम की मेज़बानी की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में मनु भाकर का ऐतिहासिक प्रदर्शन भारतीय खेल के लिए निर्णायक क्षण है। एक प्रतिभाशाली युवा निशानेबाज़ से रिकॉर्ड तोड़ने वाली ओलंपियन तक उनकी यात्रा ने भारत ही नहीं,  यहाँ के बाहर भी एथलीटों को प्रेरित किया है। हम पैरा स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर का अवॉर्ड अवनि लेखरा को देकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उनके धैर्य और रिकॉर्ड तोड़ने वाली सफलता पैरा स्पोर्ट्स को अधिक समावेशी और उत्कृष्ट बनाने का रास्ता दिखाती रही है।"
 
उन्होंने कहा कि भारत में दर्शकों के प्रति बीबीसी की प्रतिबद्धता हमारे संबंधों को ख़ास बनाती है। हमें भारत की असाधारण महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने पर गर्व है।
 
बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड 18 वर्षीय तीरंदाज़ शीतल देवी को भारत की सबसे कम उम्र की पैरालंपिक पदक विजेता के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के लिए दिया गया है।
 
सिर्फ तीन वर्षों में उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने 2024 पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता,  2022 के एशियन पैरा गेम्स में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, वर्ल्ड पैरा आर्चरी चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था।
 
मिताली राज को 2004 से 2022 तक भारतीय महिला क्रिकेट टीम की रिकॉर्ड 18 साल की कप्तानी के लिए बीबीसी लाइफ़टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला है। ये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में कप्तानी करने का सबसे लंबा समय है।
 
कलेक्टिव न्यूज़रूम ने बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर के पाँचवें संस्करण को प्रोड्यूस करने के साथ ही इसका प्रबंधन भी किया है। कलेक्टिव न्यूज़रूम की सीईओ रूपा झा ने कहा, 'मैं खेलों में भारतीय महिलाओं पर इन पुरस्कारों के प्रभाव को देखकर काफ़ी ख़ुश हूँ। ये अवॉर्ड उनकी उपलब्धियों को बढ़ावा दे रहे हैं,  बाधाओं को तोड़ रहे हैं और भावी पीढ़ी को प्रेरित कर रहे हैं। ये अवॉर्ड सिर्फ़ पहचान के लिए नहीं है, बल्कि इसका मक़सद भारत और इसके इतर खेल परिदृश्य पर अपनी छाप छोड़ना है।'
 
इस साल का थीम है 'चैंपियंस चैंपियन'। ये उन अनसंग हीरोज़ के बारे में है, जो मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को तैयार करने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान ने की शर्मनाक हरकत, स्टेडियम से गायब किया तिरंगा, भड़के फैंस [VIDEO]