Publish Date: Wed, 27 Apr 2016 (12:17 IST)
Updated Date: Wed, 27 Apr 2016 (12:22 IST)
उज्जैन में सिंहस्थ चल रहा है। यहां देश-विदेश से लाखों साधु डेरा डाले हुए हैं। लेकिन एक ऐसे भी साधु हैं, जो उज्जैन के ही हैं और वे पूरे मेला क्षेत्र में श्रीकृष्ण का वेश धारण करके घूमते रहते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने यह वेश पिछले 12 वर्ष से बना रखा है।
अद्भुत स्वामी श्रीकृष्ण साधु के अनुसार संपूर्ण जगत कृष्णमय है। स्वामीजी के अनुसार वे श्रीकृष्ण की लीलाओं का ही प्रचार कर रहे हैं। श्रीकृष्ण जैसी वेशभूषा में रहने वाले स्वामीजी में एक अलग खासियत यह है कि इन्होंने काला चश्मा भी लगा रखा है।
आगर रोड, उज्जैन निवासी स्वामीजी ने पैरों में कंगन, रंग-बिरंगी पोशाक, हाथों में कंगन, गले में नगों की मालाएं और हाथों में बांसुरी धारण कर रखी है।
12 वर्षों से भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में जीवन व्यतीत करने वाले अद्भुत स्वामी श्रीकृष्ण देश-विदेश का भ्रमण कर आए हैं। अद्भुत स्वामी के अनुसार ग्रेजुएशन की शिक्षा लेने के बाद उनके अंदर भगवान श्रीकृष्ण की ऐसी कृपा हुई कि उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा की तरह अपना जीवन व्यतीत करना शुरू कर दिया।
अद्भुत स्वामी श्रीकृष्ण जिस जगह भी भ्रमण करते हैं, वहां पर लोग उनके भीतर प्रभु की छवि देखकर एकत्रित हो जाते हैं। वे बांसुरी की धुन पर नृत्य करके भी भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का प्रचार करने में लगे हैं।