Publish Date: Sun, 16 Dec 2018 (22:23 IST)
Updated Date: Sun, 16 Dec 2018 (22:26 IST)
मुंबई। दिवंगत अभिनेता विनोद खन्ना की पहली पत्नी गीतांजलि का महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित परिवार के फॉर्म हाउस पर निधन हो गया। वे 70 साल की थीं। पुलिस ने बताया कि गीतांजलि और उनके अभिनेता पुत्र अक्षय खन्ना सप्ताहांत में मांडवा स्थित फॉर्म हाउस पर गए थे।
मांडवा थाना प्रभारी मेघना बुरांडे ने बताया कि शनिवार को गीतांजलि ने बेचैनी की शिकायत की जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद अभिनेता उन्हें लेकर वापस आ गए। अक्षय मां को शयनकक्ष में ले गए और उन्हें आराम करने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद अक्षय थोड़ी देर के लिए बाहर चले गए। लौटने पर उन्होंने घरेलू सहायक से मां के बारे में पूछताछ की और उनके शयनकक्ष में गए, जहां वे अचेत स्थिति में थीं।
इसके बाद उन्होंने भाई राहुल खन्ना एवं डॉक्टरों को घर बुलाया। डॉक्टरों की सलाह पर गीतांजलि को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रविवार को पोस्टमॉर्टम करने के बाद उनका शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
विनोद खन्ना का पिछले साल अप्रैल में 70 साल की उम्र में निधन हो गया था। वे भारतीय जनता पार्टी के सांसद थे। खन्ना का गीतांजलि के साथ 1985 में तलाक हो गया था।
webdunia
Publish Date: Sun, 16 Dec 2018 (22:23 IST)
Updated Date: Sun, 16 Dec 2018 (22:26 IST)