Publish Date: Thu, 03 Jan 2019 (00:03 IST)
Updated Date: Thu, 03 Jan 2019 (00:07 IST)
भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले में रहने वाले ओडिशा के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग भतीजी को जिले के चेजारन ढाणी गांव निवासी संदीप को कथित रूप से 2 लाख रुपए में बेचने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि संदीप ने उसके साथ जबरन विवाह कर लिया तथा घर में ही बंधक बना लिया।
पुलिस ने नाबालिग पीड़िता के हवाले से बताया कि उसका यौन शोषण भी किया गया। घर की खिडक़ी खुली रहने पर पीड़िता ने छत से छलांग लगा दी। इस घटना में उसकी टांगें टूट गई। एक राहगीर महिला ने उसकी मदद की और पुलिस को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि चाईल्ड वेल्फेयर काउंसिल और पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है तथा पीडिता को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता से जब इस बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह मूल रुप से ओडिशा की रहने वाली है तथा पिछले दो माह से कैद में थी।
लडकी ने आरोप लगाया कि उसके बड़े पापा (चाचा) ने उसे कथित रूप से दो लाख रुपए में संदीप को बेच दिया और उसने उसके साथ एक धर्मशाला में जबरन विवाह कर लिया तथा उसके साथ बलात्कार किया।
युवती ने बताया कि उसने आजाद होने के कई प्रयास किए लेकिन उसे एक कमरे में बंद करके रखा जाता था। उसने बताया कि उसे खाना पीना भी बहुत कम दिया जाता था और हर समय उस पर नजर रखी जाती थी।