Publish Date: Sun, 26 Nov 2017 (09:01 IST)
Updated Date: Sun, 26 Nov 2017 (09:10 IST)
पटना। तेजप्रताप यादव की धमकी के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सुरक्षा कारणों से अपने पुत्र उत्कर्ष के विवाह समारोह स्थल को बदल दिया है।
उपमुख्यमंत्री के सचिव शैलेन्द्र कुमार ओझा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी बताया कि कुछ नेताओं की आपत्तिजनक टिप्पणियां और दी जा रही धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के पुत्र उत्कर्ष-यामिनी के विवाह समारोह के स्थल में परिवर्तन किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले शादी समारोह आगामी 3 दिसम्बर को अपराह्न 03 से 05 बजे राजेन्द्र नगर स्थित शाखा मैदान से होना तय था जिसे अब परिवर्तित कर पटना एयरपोर्ट के नजदीक वेटनरी कॉलेज मैदान कर दिया गया है। सभी आमंत्रितों को इसकी संशोधित सूचना दी जा रही है।
गत 22 नवंबर को तेज प्रताप यादव का सुशील कुमार मोदी के पुत्र के शादी समारोह में विध्न डालने की धमकी वाले वीडियो के जारी होने पर सुशील ने कहा था कि इसके लिए लालू जी को क्षमा मांगनी चाहिए तथा उन्हें एलान करना चाहिए कि ऐसा कुछ घटित नहीं होगा।
सुशील ने कहा था कि उन्हें लगता है कि तेज प्रताप को गुस्सा इस बात का है कि उनके कारण स्वास्थ्य मंत्री का पद उन्हें खोना पडा। बडी मुश्किल से सत्ता में आए थे, सत्ता से बाहर हो गए। उसका गुस्सा मेरे बेटे की शादी में उतार रहे हैं जो बहुत ही दुखद है।
उल्लेखनीय है कि सुशील के पुत्र उत्कर्ष मोदी की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। बिहार सरकार के दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान छेड़े जाने के बीच सुशील ने अपने पुत्र की शादी बिना गाजे बाजे एवं तामझाम के सरल ढंग से रात्रि के बजाय दिन में करने तथा शादी में आने वालों को तोहफा के तौर पर कुछ भी नहीं लाने एवं अतिथियों को भोजन के स्थान पर प्रसाद वितरित किए जाने की घोषणा की है।
सुशील ने शुक्रवार को ट्विट कर आरोप लगाया था कि लालू प्रसाद अपने बड़े पुत्र तेजप्रताप यादव के आपत्तिजनक बयान पर खेद प्रकट करने के बजाय यह बता रहे हैं कि हमें क्या करना चाहिए। (भाषा)