Publish Date: Sat, 07 Oct 2017 (10:22 IST)
Updated Date: Sat, 07 Oct 2017 (10:31 IST)
बहराइच। उत्तरप्रदेश के बहराइच कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार सुबह सरयू नदी में एक नाव के पलट जाने से उस पर सवार 1 बच्चे समेत 6 श्रद्धालुओं की डूबने से मृत्यु हो गई जबकि मल्लाह समेत 3 लोग सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि शुक्रवार रात रामगांव एवं आस-पास के गांव के कुछ लोग कोतवाली देहात इलाके में नदी पार लगने वाले मेले में गए थे। मेला देखने के बाद सुबह करीब 5.30 बजे नाव पर सवार 9 लोग वापस गांव लौट रहे थे। बेहटाभया गांव के निकट पिपरा घाट पर अचानक सरयू नदी में नाव पलट गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में मल्लाह रजब के 10 साल के बेटे सकील के अलावा तीरथराम (22), विजय (23), राजेश (22) और 16 वर्षीय मगन की नदी में डूबने से मृत्यु हो गई। मल्लाह समेत 3 लोग नदी से सुरक्षित निकल आए। उन्होंने बताया कि डूबे लोगों के शव नदी से निकाल लिए गए हैं। (वार्ता)