Publish Date: Sun, 10 Mar 2019 (20:49 IST)
Updated Date: Sun, 10 Mar 2019 (20:57 IST)
लुधियाना। पंजाब के दोराहा कस्बे में पिता के रिश्तेदार ने अपहरण के बाद 7 साल की एक लड़की की कथित रूप से बलात्कार के बाद हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पीड़िता की मां ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसमें पुलिस को बताया गया कि मुख्य आरोपी उसके पति का रिश्तेदार है, जो शनिवार की रात उनके घर आया था।
पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। आरोपी ने लड़की का कथित रूप से अपहरण कर लिया और उसे रेल पटरी के नजदीक स्थित खाली मैदान पर ले गया। यहां उसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि उसका शव वहां पाया गया।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति ने अपराध में आरोपी की कथित रूप से मदद की। दोराहा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक करनैल सिंह ने बताया कि पॉस्को एक्ट और भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। (भाषा)