Publish Date: Mon, 18 Sep 2017 (23:00 IST)
Updated Date: Mon, 18 Sep 2017 (23:08 IST)
गांधीनगर। गुजरात में एक बार जारी छिटपुट मध्यम से भारी वर्षा के दौर के बीच पिछले 24 घंटों मे भी राज्य में कई स्थानों पर बरसात हुई, जबकि अगले 24 घंटे के दौरान भी राज्य के दक्षिणी हिस्सों में इस तरह की वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
दक्षिणी गुजरात तथा आसपास ऊपरी वातावरण में बने निम्न दबाव के एक क्षेत्र के चलते आज सुबह 7 बजे समाप्त हुए 24 घंटे में 33 में से 26 जिलों के 113 तालुका में बरसात हुई जिसमें सर्वाधिक 87 मिमी गिर सोमनाथ जिले के तलाला में दर्ज की गई।
कई अन्य स्थानों पर भी 50 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। आज शाम छह बजे तक 25 तालुका में वर्षा हुई है, जिसमें सर्वाधिक 47 मिमी भावनगर के उमराला में दर्ज की गई। आज रात भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
ज्ञातव्य है कि राज्य में इस वर्ष अब तक मानसून के सालाना औसत से कही अधिक 109.37 प्रतिशत वर्षा हो चुकी है। (वार्ता)