Publish Date: Sat, 28 Jul 2018 (21:35 IST)
Updated Date: Sat, 28 Jul 2018 (21:45 IST)
बेंगलुरु। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने शनिवार को अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा के कांग्रेसमुक्त दुष्प्रचार के झांसे में नहीं आने आह्वान किया और कहा कि यदि किसी प्रकार का मुक्त भारत होना है तो वह भाजपा मुक्त होगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में जब कांग्रेस को अजेय राजनीतिक दल समझा जाता था तब से अब तक काफी चीजें बदल चुकी हैं, ऐसे में बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि चुनाव अब उस स्तर पर लड़े जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब कांग्रेस को बस इतना करना होता था कि वह जवाहरलाल नेहरू या इंदिरा गांधी का नाम ले लेते थे और लाखों लोग मतदान केंद्र पर पहुंच जाते थे एवं पार्टी के पक्ष में वोट डालते थे।
उन्होंने कहा कि अब मतदान केंद्रवार चुनाव हो गया है इसलिए हमें हर मतदान केंद्र पर मौजूद रहना होगा। हर बूथ पर हमारी पर्याप्त संख्या होनी चाहिए। अब जो मायने रखता है वह यह है कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की संख्या। चिदंबरम ने यहां 'शक्ति परियोजना' के शुभारंभ के बाद कहा कि आज ज्यादा राजनीतिक दल महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाने के लिए सामने आ गए हैं तथा अधिक क्षेत्रीय दल सामने आ गए हैं लेकिन बस 2 ऐसी राजनीतिक पार्टियां हैं जिनकी राष्ट्रीय मौजूदगी है- एक कांग्रेस और दूसरी भाजपा।
उन्होंने कहा कि भाजपा को हमें बेवकूफ नहीं बनाने दें। भाजपा के दुष्प्रचार के झांसे में नहीं आएं कि उसने 'कांग्रेस मुक्त भारत' बना दिया है। ऐसा नहीं होने जा रहा है। यदि किसी तरह का मुक्त भारत होना है, तो वह भाजपा मुक्त भारत होगा, यह कभी कांग्रेस मुक्त भारत नहीं होगा। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sat, 28 Jul 2018 (21:35 IST)
Updated Date: Sat, 28 Jul 2018 (21:45 IST)