Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
भुवेनश्वर। ओडिशा में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और राज्य के निकटवर्ती तटीय क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले 24 घंटे में भारी बारिश होने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास ऊपरी चक्रवाती हवा के प्रभाव के कारण उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इसके आसपास तटीय ओडिशा में शुक्रवार को एक कम दबाव का क्षेत्र बना है।
आईएमडी ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान ओडिशा के तटीय जिलों के ज्यादातर स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान है। आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण ओडिशा के एक या 2 स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तर ओडिशा के एक या 2 स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी हैं।
आईएमडी ने कहा कि इसके प्रभाव के तहत ओडिशा के तटीय इलाकों और इसके आसपास दक्षिण पूर्वी दिशा से 45-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज आंधी आने और इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक होने का अनुमान है।
समुद्र पर भी स्थिति बेहद खराब रहेगी और मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई हैं। इस बीच यहां विशेष राहत आयुक्त कार्यालय पर पहुंची सूचना के अनुसार पूरे राज्य में बारिश होने की रिपोर्ट है। (भाषा)