Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
नई दिल्ली। केरल की बाढ़ से 45,000 हैक्टेयर कृषि भूमि पर धान, केला, मसाले और अन्य फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कृषि सचिव शोभना के. पटनायक ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से इस बारे में केंद्र से कोष के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव देने को कहा गया है ताकि किसानों को राहत दी जा सके।
पटनायक ने कहा कि राज्य में करीब 45,000 हैक्टेयर में कृषि फसल खराब हो गई है। हमें भी इसी तरह की रिपोर्ट मिली है। फसलों से ज्यादा राज्य में मकानों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि 20,000 हैक्टेयर में धान की फसल नष्ट हुई है। गन्ने की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। 2,000 हैक्टेयर में इलायची जैसे मसालों की फसल प्रभावित हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केरल में पिछले सप्ताह तक धान की बुवाई 57,000 हैक्टेयर में हुई थी, जो 1 साल की समान अवधि के 62,000 हैक्टेयर से कम है। (भाषा)