Publish Date: Fri, 13 Oct 2017 (14:26 IST)
Updated Date: Fri, 13 Oct 2017 (14:38 IST)
रांची। पिछले 3 साल के दौरान झारखंड में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में करीब 4 गुना बढ़ोतरी हुई है जिससे यात्रियों के लिए विशेष बुनियादी ढांचे विकसित करने में काफी हद तक मदद मिली है।
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इसके साथ ही राज्य सरकार ढांचागत विकास के लिए सांस्कृतिक पर्यटन, खनन पर्यटन, कल्याण पर्यटन और विभिन्न सुरम्य स्थानों के पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केवल एक क्षेत्र में काम नहीं कर रहे हैं बल्कि हम एकसाथ 5 या 6 क्षेत्रों पर काम कर रहे हैं। झारखंड सरकार चरणबद्ध तरीके से राज्य के पर्यटन का विकास करेगी और इसके पहले चरण के तहत इसमें 4 से 5 अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देवघर में युद्धस्तर पर विकास किया जा रहा है। इसी प्रकार गिरिडीह के पारसनाथ, रामगढ़ में राजारप्पा और गुमला में अंजनिदम को विकसित किया जा रहा है। (भाषा)