Publish Date: Tue, 13 Dec 2016 (16:20 IST)
Updated Date: Tue, 13 Dec 2016 (16:46 IST)
लखनऊ। थाना ठाकुरगंज अंतर्गत शेखपुर में कल रात माता का जागरण हुआ था। आज दिन में लगभग 2 बजे लोग माता की मूर्ति का विसर्जन करने मड़ियांव थाना अंतर्गत गोमती नदी के घैला पुल गए थे। जानकारी के अनुसार जब ये लोग मूर्ति को नाव से लेकर नदी में विसर्जित करने जा रहे थे, तभी अचानक नाव टूट गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई जबकि नाव का चालक तैर कर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
मरने वालों में दीपू (22), पिंटू (25), दीपक (28), अर्पित (24) व बलराम (30) वर्ष है। सभी निवासी शेखपुर थाना ठाकुरगंज हैं। पुलिस गोताखोरों की मदद से डूबने वालों की तलाश करने में जुटी है। देर से पहुंची पुलिस पर गुस्साए लोगों ने पुलिस पर हीलाहवाली और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और प्रदर्शन करने लगे जिनको लेकर पुलिस ने लोगों पर जमकर लाठियां भांजी।
जानकारी के अनुसार माता जागरण के बाद श्रद्धालु माता की मूर्ति को गोमती नदी में विसर्जन करने गए थे। यहां विसर्जन के दौरान 5 लोगों की डूबने से मौत हो गई है। डूबने वाले लोग तैरना नहीं जानते थे। आस्था के चलते किसी डर की परवाह करते नाव में सवार हो गए थे।
स्थानीय प्रशासन ने भी मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था, बचाव दल सहित गोताखोरों का कोई इंतजाम नहीं किया था। अगर ऐसा हुआ होता तो शायद यह घटना मौत का रूप न लेती। इसी से गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां पुलिस ने भी उन पर जमकर लाठियां बरसाईं।