Publish Date: Fri, 02 Mar 2018 (12:39 IST)
Updated Date: Fri, 02 Mar 2018 (12:44 IST)
भोपाल। रंग, प्रेम और मस्ती का पर्व होली शुक्रवार को राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में परंपरागत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया।
गुरुवार की रात्रि में होलिका दहन के बाद से ही कई लोगों पर होली का रंग और मस्ती चढ़ने लगी थी। यहां पर दर्जनों सार्वजनिक स्थानों पर होलिका दहन के साथ परंपरागत तरीके से पूजा अर्चना की गयी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी यहां श्यामला हिल्स क्षेत्र में परिवार समेत होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल हुए।
आज सुबह से बच्चे, युवा और महिलाएं एक दूसरे को रंग लगाने और गुलाल से रंगने में मशगूल हो गए। बच्चों में तरह तरह की पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह देखा गया और बच्चों की टोलियां एक दूसरे पर रंग डालते हुए नजर आने लगे। दिन बढ़ने के साथ ही होली का उत्साह लोगों में बढ़ता हुआ दिखायी दिया।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के अलावा मंत्रिमंडल के सदस्यों ने नागरिकों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव और अन्य नेताओं ने भी नागरिकों को होली के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।
इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, उज्जैन, शहडोल, होशंगाबाद, खंडवा और अन्य स्थानों से भी होली का पर्व परंपरागत तरीके से मनाने के समाचार मिले हैं। पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी भोपाल और सभी जिलों में आवश्यक प्रबंध किए हैं। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Fri, 02 Mar 2018 (12:39 IST)
Updated Date: Fri, 02 Mar 2018 (12:44 IST)