Publish Date: Fri, 11 Jan 2019 (23:27 IST)
Updated Date: Fri, 11 Jan 2019 (23:47 IST)
पटना। सिखों के 10वें गुरु के जन्म स्थान तख्त हरमंदिर पटना साहिब में यहां शुक्रवार को गुरु गोविंदसिंह का 352वां प्रकाश पर्व शुरू हो गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना से 110 किलोमीटर दूर राजगीर में सिखों के पहले गुरु नानकदेव की याद में एक गुरुद्वारे की आधारशिला भी रखी। गुरु नानकदेव का 550वां प्रकाश पर्व इस साल मनाया जा रहा है।
विभिन्न स्थानों से सिख श्रद्धालु तख्त हरमंदिर पटना साहिब में मत्था टेकने आए। 3 दिवसीय उत्सव 13 जनवरी को संपन्न होगा। गंगा नदी से लगे कंगन घाट के पास टेंट सिटी का निर्माण किया गया है, जहां 5,000 श्रद्धालु ठहर सकते हैं।
2 साल पहले 350वें प्रकाश पर्व पर दुनियाभर से सिख श्रद्धालु यहां आए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई विशिष्टगण भी आए थे। राजगीर में शीतल कुंड में गुरुद्वारा की आधारशिला रखते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने 12 नवंबर को अवकाश की घोषणा की है। उस दिन गुरु नानक जयंती मनाई जाएगी।