Publish Date: Fri, 17 Aug 2018 (23:03 IST)
Updated Date: Fri, 17 Aug 2018 (23:19 IST)
अहमदाबाद। गुजरात में लगभग एक पखवाड़े के लंबे विराम के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है तथा राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे में बरसात हुई है और कुछ स्थानों पर 6 इंच यानी आधा फुट अथवा इससे अधिक तक वर्षा दर्ज की गई है।
उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश तथा पूर्वी राजस्थान पर बने निम्न वायुमंडलीय दबाव और संबंधित चक्रवाती प्रणाली के असर से हो रही वर्षा से पानी की कमी वाले इस राज्य के किसानों और आम लोगों में उम्मीद की किरण पैदा हुई है।
उधर वर्षाजनित घटनाओं में शुक्रवार को राज्य में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई। अरावल्ली जिले के मोडासा के पहाड़पुर के निकट बिजली गिरने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छोटा उदेपुर जिले के क्वांट तालुका के बुजर और मोटी सढकी गांवों में 1-1 व्यक्ति की मकान गिरने से मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह 9 बजे तक के पिछले 24 घंटे में 24 जिलों के 141 तालुकाओं में वर्षा हुई थी जिसमें सर्वाधिक 137 मिलीमीटर छोटा उदेपुर में दर्ज की गई थी। शुक्रवार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक 230 तालुकाओं में वर्षा हुई और सर्वाधिक 150 मिमी खेड़ा जिले के कपड़वंज में दर्ज की गई थी। 51 तालुकाओं में 2 इंच यानी 50 मिमी अथवा इससे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई थी।
पंचमहाल के गोधरा में 125 मिमी, गांधीनगर के कलोल में 111 मिमी, अहमदाबाद के साणंद में 110 मिमी, खेड़ा के मातर में 104 जबकि अहमदाबाद शहर में 102 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। राज्य मध्यवर्ती क्षेत्रों के अलावा कच्छ और उत्तरी गुजरात तथा सौराष्ट्र और दक्षिणी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हुई। कच्छ के भचाऊ में 57 मिमी तथा गांधीधाम में 37 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
अहमदाबाद शहर समेत कई स्थानों पर जलभराव से जनजीवन पर असर भी पड़ा। शहर के 7 अंडरपास सुबह बंद थे हालांकि बाद में वर्षा रुकने पर ये सभी 1-1 कर खोल दिए गए। कई स्थानों पर जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाओं से यातायात पर भी असर पड़ा।
राज्य में मानसूनी वर्षा का औसत अब 59 प्रतिशत के आंकड़े को पार कर गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को सूरत, भरूच, वडोदरा के अलावा देवभूमि द्वारका, पोरबंदर आदि जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है, हालांकि गुरुवार के बाद से भारी वर्षा की कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
उधर लगातार 2 दिन की मानसूनी वर्षा से राज्यभर में तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है। अहमदाबाद में यह लगभग 26 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से साढे़ 6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Fri, 17 Aug 2018 (23:03 IST)
Updated Date: Fri, 17 Aug 2018 (23:19 IST)