Publish Date: Sun, 05 Jul 2020 (22:01 IST)
Updated Date: Sun, 05 Jul 2020 (22:01 IST)
गुवाहाटी। असम में रविवार को बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। हालांकि अभी 17 जिलों में लगभग 7 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की नियमित बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार धेमाजी, बिश्वनाथ, चिरांग, दारंग, नलबाड़ी, बारपेटा, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण सालमारा, गोलपाड़ा, कामरूप, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, मोरीगांव, नागांव, गोलाघाट, जोरहाट और तिनसुकिया जिलों में बाढ़ के कारण 6.8 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
बुलेटिन के अनुसार बारपेटा बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित है जहां 3.98 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और इसके बाद दक्षिण सालमारा में लगभग 87,000 लोग प्रभावित हैं। गोलपाड़ा में 78,200 से अधिक लोग प्रभावित हैं।
बुलेटिन के अनुसार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने चार जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान 210 लोगों को बचाया है। शनिवार तक बाढ़ से 18 जिलों में 10.75 लाख से अधिक लोग प्रभावित थे।
राज्य में इस वर्ष अब तक बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 61 है जिनमें से 37 लोगों की मौत बाढ़ से और 24 लोगों की मौत भूस्खलन से हुई है। अधिकारियों ने पांच जिलों में 62 राहत शिविर और वितरण केन्द्र स्थापित किए हैं जहां इस समय 4,852 लोग शरण लिए हुए है। (भाषा)