Publish Date: Wed, 13 Jun 2018 (16:12 IST)
Updated Date: Wed, 13 Jun 2018 (16:32 IST)
इम्फाल। मणिपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से राजधानी इम्फाल समेत राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और बाढ़ से हजारों लोग बेघर हो गए। बारिश के कारण बिजली आपूर्ति ठप है।
इम्फाल ईस्ट में पैलेस कंपाउंड स्थित ऑल इंडिया रेडियो इम्फाल केंद्र के चारों तरफ जलभराव होने के कारण सुबह रेडियो सेवा रोक दी गई। इम्फाल में सभी सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थाएं अभी बंद हैं। राजमार्ग पर गाड़ियों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
इम्फाल के उरीपोक और आइकोनिक मदर'स मार्केट स्थित फ्लाईओवर बाढ़ के पानी से भर चुके हैं। वहीं राहतकर्मियों के द्वारा नदी के किनारों पर बांस और बालू की बाड़ लगाकर बाढ़ का पानी रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्य के नाम्बुल, इम्फाल, लरील और थोबाल नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। बाढ़ का पानी बढ़ने की वजह से नदियों के किनारे बसे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। (वार्ता)