Publish Date: Wed, 20 Sep 2017 (08:03 IST)
Updated Date: Wed, 20 Sep 2017 (08:06 IST)
नई दिल्ली। पुलिस ने मंगलवार को राज्य स्तरीय क्रिकेटर से मॉडल बने एक शख्स समेत दो लोगों को मोबाइल फोन लूटने और झपटमारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रवीण खटकर और इकबाल उर्फ पप्पू को 16 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। दोनों की उम्र 30 साल है। वे नजफगढ़ और छावला इलाके में सक्रिय थे। उनके पास से सात मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किए गए।
पूछताछ में खटकर ने पुलिस को बताया कि पांचवीं में पढ़ाई के समय से ही उसने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) भीष्म सिंह ने बताया कि उसने दावा किया कि वह राज्य स्तर पर खेल चुका है और हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। आरोपी ने रणजी कैंप में भी अभ्यास का दावा किया है।
सिंह ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद उसने क्रिकेट खेलने के साथ मॉडलिंग भी शुरू कर दी। (भाषा)