Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 (13:56 IST)
Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 (14:06 IST)
CM Yogi Strict Warning to Bureaucrats: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक का सबसे कड़ा और आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, मुहर्रम और NEET परीक्षा जैसी संवेदनशील तैयारियों को लेकर बुलाई गई एक उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया।
तैयार हो रही है ब्लैक लिस्ट
उन्होंने सीनियर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सीधे शब्दों में 'आर-पार' की चेतावनी दे डाली। उन्होंने कहा- या तो भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों को खुद हटाओ, वरन मैं एक दिन में 100 को निपटाऊंगा। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सरकार के पास भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की 'ब्लैक लिस्ट' तैयार हो रही है।
जीरो टॉलरेंस पर कोई समझौता नहीं
CM योगी ने कड़े लहजे में स्पष्ट कर दिया कि उत्तर प्रदेश में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए। जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही, रिश्वतखोरी (भ्रष्टाचार), फाइलों को अटकाने वाली निष्क्रियता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार में लिप्त चाहे कितना भी बड़ा अधिकारी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ALSO READ: CM योगी का बड़ा ऐलान, गांवों में बनेंगे पंचगव्य क्लस्टर, 3 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार
कानून-व्यवस्था और परीक्षाओं पर कड़े निर्देश
इस हाई-लेवल मीटिंग में मुख्यमंत्री ने आगामी आयोजनों- मुहर्रम और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, NEET परीक्षा के सुचारु और पारदर्शी प्रबंधन को लेकर भी अफसरों की जवाबदेही तय की गई है। मुख्यमंत्री योगी के कड़े तेवरों के बाद यूपी के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि, देखना यह है कि मुख्यमंत्री के इस अल्टीमेटम के बाद कितने भ्रष्ट अधिकारियों पर गाज गिरती है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें